उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री का पारा हाई, कहा- बिना जरूरत मरीज रेफर किए तो छोड़ूंगा नहीं
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल का औचक निरीक्षण कर बिना जरूरत मरीज रेफर करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
Mar 31 2026 7:44PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
Subodh Uniyal ने ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल का औचक निरीक्षण कर डॉक्टरों को चेतावनी दी कि बिना जरूरत मरीज रेफर करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
Health Minister Subodh Uniyal Warns Against Unnecessary Patient Referrals
Subodh Uniyal देर शाम ऋषिकेश स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचे और सीधे इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। ओपीडी बंद होने के बाद इमरजेंसी पर बढ़ते दबाव को भी उन्होंने देखा। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने साफ कहा कि अस्पतालों को रेफरल सेंटर नहीं बनने दिया जाएगा। यदि बिना जरूरत मरीजों को रेफर किया गया तो संबंधित डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई होगी।
मरीजों से की सीधी बातचीत
मंत्री ने जच्चा-बच्चा वार्ड में भर्ती महिलाओं से बातचीत की और इलाज, दवाओं व खाने की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। सभी मरीजों ने संतोषजनक व्यवस्था की बात कही। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालय में एक खराब पाइप मिलने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटी-छोटी लापरवाही भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉक्टरों को सख्त निर्देश, गढ़वाली में किया संवाद
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को तुरंत सुविधा मिले, स्थानीय स्तर पर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं और विशेषज्ञ डॉक्टर होने के बावजूद रेफरल की प्रवृत्ति खत्म हो। निरीक्षण के दौरान मंत्री मरीजों से गढ़वाली भाषा में बात करते नजर आए, जिससे मरीजों ने खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं।