Uttarakhand Weather: आज 8 जिलों में बारिश-आंधी का येलो अलर्ट, इस दिन तक हो सकती है मानसून की एंट्री
उत्तराखंड में मानसून का इंतजार जारी है। मौसम विभाग ने देहरादून समेत 8 जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। जानिए मौसम का ताजा अपडेट।
Jun 22 2026 10:23AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तराखंड में 22 से 25 जून के बीच मानसून की एंट्री हो सकती है। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जबकि मैदानी इलाकों में तेज धूप और बढ़ती उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है और कई पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
Uttarakhand Weather Update 22 June 2026
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आगे पढ़िए..
विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है।
हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में बढ़ेगी उमस
मौसम विभाग का कहना है कि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा। हालांकि तेज धूप और वातावरण में मौजूद नमी के कारण उमस लोगों को परेशान कर सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार बारिश न होने से मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
बीते रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पंतनगर में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा नई टिहरी में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।