रुद्रप्रयाग: तुंगनाथ ट्रेक पर खाई में गिरी महिला, देर रात तक आती रही आवाजें; सुबह मिला शव
तुंगनाथ ट्रेक पर गणेश मंदिर के पास रविवार शाम गहरी खाई में गिरी महिला यात्री का शव सोमवार सुबह रेस्क्यू टीमों ने बरामद कर लिया। हादसे के बाद देर रात तक महिला की आवाजें सुनाई देने की बात सामने आई..
Sep 21 2026 10:35AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड के तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार शाम गणेश मंदिर के पास एक महिला यात्री गहरी खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्रों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन अंधेरा और दुर्गम खाई के कारण रात में अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह दोबारा तलाश शुरू हुई, जिसके बाद महिला का शव बरामद कर लिया गया।
Woman Dies After Falling Into Gorge on Tungnath Trek
जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर की शाम करीब 6:21 बजे तुंगनाथ ट्रेक पर गणेश मंदिर के समीप महिला यात्री अचानक अनियंत्रित होकर ट्रेक से नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग ने तुंगनाथ क्षेत्र में तैनात डीडीआरएफ और आपदा मित्रों की टीम को अलर्ट किया। टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और खाई में महिला की तलाश शुरू कर दी। तुंगनाथ करीब 3,680 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और यहां पहुंचने के लिए पहाड़ी इलाके से ट्रेक करना पड़ता है। ऐसे भूभाग में गहरी खाई तक पहुंचना रेस्क्यू टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।
देर रात तक सुनाई देती रहीं आवाजें
महिला के खाई में गिरने के बाद काफी देर तक उसकी आवाजें सुनाई देने की बात सामने आई। इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने रात में ही महिला तक पहुंचने और उसे सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास तेज कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि और तहसीलदार ऊखीमठ को भी सूचना दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर डीडीआरएफ ऊखीमठ की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। आगे पढ़िए..
अंधेरा और गहरी खाई बनी बड़ी चुनौती
रात के समय खाई में उतरकर महिला तक पहुंचना बेहद जोखिमपूर्ण था। अंधेरा बढ़ने के साथ रेस्क्यू टीमों के सामने मुश्किलें और बढ़ गईं। टीमों ने काफी देर तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन खाई की गहराई और दुर्गम परिस्थितियों को देखते हुए करीब रात 12:30 बजे अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया गया। इसके बाद सुबह होते ही दोबारा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया।
सुबह दोबारा शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, सोमवार सुबह मौसम और मौके की परिस्थितियों को देखते हुए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान फिर शुरू किया गया। रेस्क्यू टीमों ने खाई में तलाश जारी रखी और अभियान के दौरान महिला का शव बरामद कर लिया गया।
महिला की पहचान जुटाने में जुटे अधिकारी
फिलहाल महिला की पहचान और हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी एकत्र की जा रही है। तुंगनाथ ट्रेक पर यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब क्षेत्र में यात्रियों और पर्यटकों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम और पहाड़ी भूभाग को देखते हुए ट्रेकिंग के दौरान अतिरिक्त सावधानी जरूरी है।