देवभूमि के रजत भंडारी को शुभकामनाएं, CDS में ऑल इंडिया लेवल पर 12वीं रैंक
रजत भंडारी ने सीडीएस में ऑल इंडिया 12वीं रैंक हासिल कर देवभूमि का मान बढ़ाया है, आप भी रजत को बधाई दें...
Dec 2 2019 11:45AM, Writer:कोमल नेगी
उत्तराखंड अपनी समृद्ध सैन्य परंपरा के लिए जाना जाता है। पहाड़ के होनहार लाल इस परंपरा को बखूबी निभा रहे हैं। इन्हीं युवाओं में से एक हैं रजत भंडारी, जिन्होंने कंबाइंड डिफेंस सर्विस यानि सीडीएस एंट्रेंस एग्जॉम में ऑल इंडिया 12वीं रैंक हासिल कर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। रजत भंडारी उत्तरकाशी के रहने वाले हैं। बचपन से ही सेना में अफसर बनना चाहते थे, इसके लिए कड़ी मेहनत की और आखिरकार सीडीएस एग्जॉम पास करने में सफल रहे। सीडीएस टॉपर में अपनी जगह बनाई। एक पहाड़ी जिले से निकलकर सीडीएस पास करने तक का सफर रजत के लिए आसान नहीं था। तमाम मुश्किलें आईं पर रजत ने हौसले के दम पर इन मुश्किलों पर जीत हासिल की। रजत के पिता सोबन सिंह भंडारी उत्तरकाशी के एनआईएम में सीनियर प्रशिक्षक हैं। रजत की स्कूलिंग मसीह दिलासा स्कूल से हुई, साल 2014 में उन्होंने एमडीएस से 10वीं पास की।
यह भी पढ़ें - पहाड़ में 8वीं के छात्र ने किया अनोखा आविष्कार, हर जगह हो रही है जमकर तारीफ
इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए वो ऋषिकेश चले आए। डीएसपी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल से साल 2016 में इंटर किया। बाद में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई के लिए दिल्ली चले गए। रजत एआरएसडी कॉलेज दिल्ली यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन कर रहे थे। इसी बीच उनका सेलेक्शन सीडीएस में हो गया। उन्होंने सीडीएसस में ऑल इंडिया 12वीं रैंक हासिल की है। वो सेना में अफसर बनने के सफर पर चल पड़े हैं। रजत की माता शशि भंडारी उत्तरकाशी के ऋषि राम शिक्षण संस्थान में शिक्षिका हैं। बेटे के सीडीएस टॉप करने की खुशी माता-पिता के चेहरे पर साफ देखी जा सकती है। उन्होंने बेटे के उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि रजत ने उन्हें गर्व करने का मौका दिया है। इन दिनों रजत के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। राज्य समीक्षा टीम की तरफ से भी रजत को ढेरों बधाई।