देहरादून में लूट मचाने वाला मोहम्मद विशाल कश्मीर से गिरफ्तार, कुलगाम में छुपा बैठा था
लूट कांड में पकड़े गए युवक का नाम मोहम्मद विशाल है, पुलिस ने उसे कश्मीर से गिरफ्तार किया...
Jan 5 2020 6:09PM, Writer:कोमल नेगी
देहरादून, 8 महीने पहले यहां लूट की बड़ी वारदात हुई थी। बात 15 अप्रैल 2019 की है। सरस्वती विहार स्थित सिद्धार्थ ज्वैलर्स में आम दिनों की तरह चहल पहल थी। तभी कुछ नकाबपोश बदमाश धड़धड़ाते हुए शोरूम में घुस गए। सभी हथियारों से लैस थे। बदमाशों ने शोरूम मालिक सुबोध रस्तोगी की पत्नी लवि रस्तोगी पर पिस्तौल तान दी। उसे दुकान के कोने में बंधक बना लिया। बाद में बदमाशों ने सोने-चांदी के जेवर बटोरे और फरार हो गए। ये मामला पिछले 8 महीने से पुलिस के लिये चुनौती बना हुआ था। साढ़े 8 महीने की मेहनत के बाद आखिरकार पुलिस बदमाशों तक पहुंच गई। पुलिस ने लूटकांड के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक का नाम मोहम्मद विशाल है। पुलिस ने उसे कश्मीर से गिरफ्तार किया। वारदात को 4 बदमाशों ने मिलकर अंजाम दिया था। जिनमें से दो आरोपी हत्या के मामले में बिजनौर जेल में बंद हैं। एक आरोपी फरार है। डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए स्पेशल प्लानिंग की गई थी। सीमावर्ती जिलों से सूचनाएं इकट्ठी की गईं। सीसीटीवी फुटेज की मदद ली गई। इसी बीच बिजनौर में मुखबीर से सूचना मिली की सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा एक अभियुक्त नजीबाबाद का रहने वाला है। वो इस समय कश्मीर में रह रहा है।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: सेल्फी लेने का शौक बना जानलेवा, 18 साल के लड़के की दर्दनाक मौत
लीड मिलते ही पुलिस ने एक टीम कश्मीर के देवसर कुलगाम भेजी, जहां से आरोपी मोहम्मद विशाल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो पहले कश्मीर में रहकर नाई का काम करता था। इसी बीच उसे पड़ोस के गांव में रहने वाला साबिर नाम का युवक मिला। साबिर काम के सिलसिले में देहरादून आया था। यहां उसकी मुलाकात शाहनवाज से हुई। शाहनवाज शातिर किस्म का अपराधी है। 13 अप्रैल को शाहनवाज ने साबिर के जरिए विशाल को कॉल कर के देहरादून बुलाया। यहां विशाल को शाहनवाज के दो साथी मिले। शाहनवाज ने सुनार की दुकान मे लूट की योजना बनाई। क्योंकि विशाल के पास काम धंधा नहीं था, इसीलिए वो भी योजना में शामिल हो गया। घटना वाले दिन सभी बदमाश सोने-चांदी के जेवर लूटने के बाद लॉकर खोलने की कोशिश कर रहे थे, कि तभी महिला ने शोर मचा दिया। जिसके बाद बदमाश बाइक पर बैठकर फरार हो गए। सभी आरोपियों पर हत्या और लूट के मुकदमे दर्ज हैं। दो आरोपी बिजनौर जेल में बंद हैं, तीसरा आरोपी दून पुलिस की गिरफ्त में है। एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।