अनलॉक-5: उत्तराखंड में क्या खुलेगा और क्या नहीं? 2 मिनट में जान लीजिए
अनलॉक 5.0 में नैनीताल में बार संचालकों को जिला प्रशासन ने बड़ी राहत देने का ऐलान किया। जिले में बार खोलने की अनुमति दे दी गई है..आगे पढ़िए पूरी खबर
Sep 30 2020 11:40AM, Writer:Komal Negi
केंद्र सरकार अनलॉक 5.0 के लिए जल्द ही गाइडलाइन जारी कर सकती है। इस वक्त देश में सिनेमाघरों, स्विमिंग पूल, एंटरटेनमेंट पार्क आदि को छोड़कर ज्यादातर गतिविधियां शुरू हो गई हैं। अनलॉक को लेकर जिले भी अपनी तरफ से गाइडलाइन जारी कर रहे हैं। इसके तहत नैनीताल जिला प्रशासन ने जिले में कोरोना संक्रमण रोकथाम के लिए स्कूल और कोचिंग सेंटर बंद रखने का फैसला लिया है। यहां अनलॉक-5 में भी स्कूल नहीं खुलेंगे। कोचिंग सेंटर भी बंद रहेंगे, हालांकि जिला प्रशासन ने एक बड़ी राहत जरूर दी है। यहां बार खोलने की अनुमति दे दी गई है। इससे पहले देहरादून में भी बार खुलने लगे हैं। जो लोग सिनेमा हॉल और स्विमिंग पूल खुलने का इंतजार कर रहे हैं, उनका ये इंतजार बढ़ सकता है। क्योंकि जिला प्रशासन ने फिलहाल सिनेमा हॉल बंद रखने का फैसला लिया है। स्विमिंग पूल भी बंद रहेंगे। मनोरंजन पार्क भी नहीं खुलेंगे। नैनीताल डीएम सविन बंसल की तरफ से जारी आदेश के तहत जिले में बार खोलने की अनुमति दे दी गई है। आदेश में रेस्टोरेंट्स के लिए भी दिशा निर्देश जारी किए गए। इसके अनुसार रेस्टोरेंट और बार में भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा जारी अनलॉक की गाइडलाइन का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। आगे पढ़िए
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड से दिल्ली के लिए चलनी शुरू हुई बस, किराए में राहत
बार के लिए क्या नियम लागू किए गए हैं, ये भी बताते हैं। बार के भीतर और बाहरी क्षेत्र में साफ-सफाई का खास ख्याल रखना होगा। हैंड सैनेटाइजर की व्यवस्था होनी चाहिए। बार काउंटर पर शराब नहीं परोसी जाएगी। बार काउंटर पर स्टूल की व्यवस्था भी नहीं की जाएगी। बार में काम करने वाले सभी कर्मचारियों को फेस मास्क लगाना होगा। हाथों में गलब्ज पहनने होंगे। इसके अलावा एक और नियम का पालन करना अनिवार्य है। बार में एंट्री के वक्त ग्राहकों का इंफ्रारेड थर्मामीटर से तापमान जांचना होगा। सामान्य तापमान होने पर ही बार में एंट्री मिलेगी। बार परिसर में सिर्फ 50 फीसदी लोगों को ही एंट्री मिलेगी। सोशल डिस्टेंसिंग रूल का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। नैनीताल प्रशासन के इस आदेश के बाद बार संचालक राहत महसूस कर रहे हैं। दरअसल शहर में रेस्टोरेंट खोलने की अनुमति काफी पहले ही मिल गई थी, लेकिन बार का संचालन ना होने की वजह से रेस्टोरेंट्स में रौनक नहीं दिख रही थी। बार बंद होने से संचालकों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा था। डीएम के आदेश के बाद जिले में बार एक बार फिर खुल सकेंगे। हालांकि कोचिंग सेंटर संचालकों को अपने सेंटर खोलने के लिए अभी और इंतजार करना होगा।